यूट्यूबर और गेमर काशवी हिरानंदानी ने साफ कर दिया है कि वह 'बिग बॉस 20' के 'फैमिली वीक' में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह फैसला काफी पहले ही ले लिया था, क्योंकि वह किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहतीं और अपने लिए बेवजह की परेशानी नहीं खड़ी करना चाहतीं। काशवी ने कहा कि वह आराम से रहना, शो देखना और लोगों के साथ एन्जॉय करना चाहती हैं।

काशवी ने यह भी खुलासा किया कि पिछली बार जब वह 'वीकेंड का वार' में शामिल होने शो के मंच पर पहुंची थीं, तब उनके माता-पिता इस फैसले के खिलाफ थे। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ मंच पर गई थीं और वहां पहुंचने के बाद उन्होंने अपने माता-पिता को इस बारे में बताया था।

'फैमिली वीक' में किसे जाना चाहिए, इस पर अपनी राय देते हुए काशवी ने सुझाव दिया कि कंटेस्टेंट के परिवार के ही किसी सदस्य को घर के अंदर जाना ठीक रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता में से कोई, या रोहित भाई या नियो में से किसी को जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि वह खुद घर के अंदर नहीं जाएंगी।

बता दें कि कुछ हफ्ते पहले काशवी 'बिग बॉस 20' के 'वीकेंड का वार' में नजर आई थीं, जहां उन्होंने लव गिल के साथ स्काउट OP के रिश्ते को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। स्काउट OP और काशवी लंबे समय से रिश्ते में हैं और स्काउट ने शो के एक एपिसोड में सलमान खान के सामने बताया था कि काशवी उनकी मंगेतर हैं और दोनों की सगाई हो चुकी है।