एनिमेशन का इस्तेमाल आज लगभग हर फिल्म में होता है, लेकिन 31 साल पहले पहली पूरी तरह कंप्यूटर एनिमेटेड फीचर फिल्म बनाई गई थी। 1995 में रिलीज हुई एनिमेटेड कॉमेडी फिल्म 'टॉय स्टोरी' पिक्सर एनीमेशन स्टूडियो द्वारा वॉल्ट डिज्नी पिक्चर्स के लिए बनाई गई पहली फीचर फिल्म थी। फिल्म में बेजान खिलौनों की दुनिया और उनकी भावनाओं को दिखाया गया था। जब 1988 में 'टिन टॉय' नाम की शॉर्ट फिल्म सफल हुई, तो डिज्नी ने पिक्सर से खिलौनों के नजरिए से दुनिया दिखाने वाली फिल्म बनाने के लिए संपर्क किया।

निर्देशक जॉन लैसेटर ने जॉस वेडन, एंड्रयू स्टैंटन, जोएल कोहेन और एलेक सोकोलोव के साथ कहानी लिखी। फिल्म में टॉम हैंक्स, टिम एलेन, एनी पॉट्स, जॉन रैटजेनबर्गर, डॉन रिकल्स, वालेस शॉन और जिम वर्नी जैसे कलाकार खिलौनों की आवाज बने। सबसे ज्यादा लोकप्रिय कैरेक्टर वूडी (टॉम हैंक्स) और बज लाइटईयर (टिम एलेन) रहे। फिल्म की कहानी एक काउब्वॉय डॉल की है, जो 'स्पेसमैन' खिलौने से इसलिए चिढ़ने लगता है क्योंकि वह उसके मालिक का सबसे पसंदीदा खिलौना बन जाता है।

फिल्म में खिलौनों को असली जैसा दिखाने के लिए मेकर्स ने 400 कंप्यूटर मॉडल तैयार किए थे और सीन्स बनाने में करीब 8 लाख घंटे लगे थे। वुडी के कपड़ों की सिलवटों से लेकर बज लाइटईयर के चमकदार स्पेस सूट तक, सब कुछ कंप्यूटर पर तैयार किया गया था। बॉक्स ऑफिस मोजो के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में 230 मिलियन डॉलर के करीब कारोबार किया और 1995 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।

फिल्म को ओरिजिनल स्क्रीनप्ले, म्यूजिक और गाने के लिए ऑस्कर के तीन नामांकन मिले थे। ऑस्कर के मंच पर निर्देशक जॉन लैसेटर को स्पेशल अचीवमेंट से सम्मानित किया गया था। 'टॉय स्टोरी' आज सबसे पसंद की जाने वाली एनिमेटेड फ्रेंचाइजी में से है। साल 2022 में इसकी स्पिन-ऑफ फिल्म 'लाइटईयर' रिलीज हुई थी, जिसमें क्रिस इवान ने यह किरदार निभाया था।