इस वीकेंड ओटीटी प्लेटफॉर्म पर 15 नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं। दर्शकों को 'हनुमान अंश', 'दृश्यम 3', 'ढाई चाल', 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' और 'सुपरगर्ल' जैसी बड़ी रिलीज देखने को मिलेंगी। सिनेमाघरों में 27 नवंबर को 'ये प्रेम मोल लिया' और 'गनमास्टर G9' रिलीज हो रही हैं।

नीम करोली बाबा पर बनी 'हनुमान अंश' 27 नवंबर को हिंदी वर्जन में सोनी लिव पर रिलीज होगी, जबकि 29 नवंबर को तमिल, तेलुगू, मलयालम, गुजराती और कन्नड़ वर्जन नेटफ्लिक्स पर आएंगे। डॉ. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। कहानी एक छोटे लड़के की है, जो अपनी मां को खोने के बाद भगवान की तलाश में पूरे भारत की यात्रा पर निकलता है और आगे चलकर नीम करौली बाबा के रूप में सम्मानित संत बन जाता है।

अजय देवगन की 'दृश्यम 3 - द कंक्लूजन' 27 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है। कहानी पिछली फिल्म के कुछ महीनों बाद शुरू होती है, जब सैम के माता-पिता मीरा और महेश देशमुख बेटे की हत्या का मामला फिर से खुलवाते हैं। इस बार जांच की कमान क्राइम ब्रांच के एसपी राजवीर सिंह तोमर के हाथों में है। फिल्म में तब्बू, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी अहम भूमिकाओं में हैं।

'ढाई चाल' 27 नवंबर को जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगी। नवीन चौधरी के दो उपन्यासों पर आधारित यह हिंदी पॉलिटिकल ड्रामा सीरीज कैंपस छात्र चुनाव की राजनीति की कहानी कहती है, जिसमें पर्दे के पीछे राज्य और राष्ट्रीय सत्ता का तंत्र काम करता है। सतीश कुमकुमनाथ नायर और नव निर्माण सिंह ने इसे निर्देशित किया है। सीरीज में गगन अरोड़ा, अंकित सिवाच और अंजलि तत्रारी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' 26 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर और 'सुपरगर्ल' 26 नवंबर को जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई है। ओटीटी पर इस वीकेंड 'ब्लेड रनर 2099' और के-ड्रामा 'नाइन टू सिक्स' भी दस्तक दे रहे हैं।