कटिहार में छठ महापर्व के लिए पारंपरिक ठेकुआ को मखाना के साथ जोड़कर तैयार किए गए 'मखाना ठेकुआ' का रविवार को विमोचन किया गया। शहर के बीएमपी परिसर में आयोजित भास्कर महोत्सव के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस उत्पाद का विधिवत विमोचन किया। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मखाना को मूल्य संवर्धन के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाना है।

पारंपरिक ठेकुआ की रेसिपी में मखाना मिलाकर इसे स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पाद के रूप में विकसित करने का यह प्रयास जटा एफपीओ समूह के सुमित सहगल ने किया है। इस नवाचार से छठ पूजा की सांस्कृतिक परंपरा को स्थानीय कृषि उत्पादों से जोड़ने की कोशिश की गई है। इससे श्रद्धालुओं को पौष्टिक विकल्प मिलने के साथ क्षेत्र में मखाना की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

नए उत्पाद के प्रचार और सीधी बिक्री के लिए प्रशासन ने बीएमपी घाट के मुख्य द्वार पर विशेष स्थान उपलब्ध कराया है, जहां छठ घाट पर आने वाले श्रद्धालु और आम नागरिक इसे खरीद सकेंगे।

विमोचन समारोह में जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन किसानों की आय बढ़ाने में प्रभावी साबित हो सकता है। ऐसे उत्पाद स्थानीय उद्यमिता और कृषि आधारित लघु उद्योगों को नई ऊर्जा देंगे। कटिहार के मखाना की बेहतर ब्रांडिंग से इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का रास्ता खुलेगा। इस अवसर पर सदर एसडीओ डॉ. सूरज कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी रीना गुप्ता और उप परियोजना निदेशक शशिकांत झा सहित कई अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।