बिहार के खगड़िया जिले के किसानों ने केले के बेकार तनों को आय का नया जरिया बनाया है। इन तनों से रेशा निकालकर कपड़े, टोपी, टोकरी, बैग, मैट और कालीन जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी मांग विदेशों तक पहुंचने लगी है। परबत्ता प्रखंड की बंदेहरा पंचायत में लोहिया स्वच्छ भारत अभियान के तहत शुरू इस पहल से किसानों को अतिरिक्त आमदनी हो रही है और करीब 50 जीविका दीदियां रोजगार से जुड़ी हैं।
खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड की बंदेहरा पंचायत में करीब 15 एकड़ जमीन पर केले की खेती होती है। पहले फल काटने के बाद किसान तनों को बेकार समझकर खेतों में छोड़ देते थे, जिससे गंदगी फैलती और निस्तारण की समस्या बनी रहती थी। अब केला किसान सहकारी समिति के माध्यम से तनों के बदले किसानों को भुगतान किया जा रहा है। तने से रेशा निकालने के बाद बचे पल्प वेस्ट से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जा रही है, जो करीब 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है।
समिति के निदेशक बृजेश कुमार के अनुसार, इस काम से करीब 50 जीविका दीदियां जुड़ी हैं, जो खाद तैयार कर आमदनी कर रही हैं। महिला समूह ने सामूहिक रूप से 70 से 80 एकड़ जमीन पर जैविक खेती भी शुरू की है। लोहिया स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक मीरा कुमारी के अनुसार, इस नवाचार से किसानों को दोहरा फायदा हो रहा है, क्योंकि जिस कचरे को हटाने में पहले खर्च करना पड़ता था, वही अब कमाई का जरिया बन गया है।
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस पहल को किसानों और जीविका दीदियों की सूझबूझ का उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि सही सोच और प्रयास से कचरे को भी कमाई का जरिया बनाया जा सकता है और सरकार वेस्ट-टू-वेल्थ की इस सोच को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। बंदेहरा पंचायत का यह मॉडल स्वच्छता, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाली पहल के रूप में सामने आया है।
