कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है और यह पूरी सत्ता हाथ में लेने की कोशिश है, जिसे पार्टी स्वीकार नहीं करती। परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष की दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही है। कांग्रेस चाहती है कि सरकार लोकसभा की सीटों में बदलाव न करे और मौजूदा स्थिति में ही महिला आरक्षण लागू करे।

संसद सत्र से पहले शनिवार को सोनिया गांधी के आवास पर सांसदों की बैठक हुई, जिसमें खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे। खड़गे ने कहा कि नए परिसीमन से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की सीटें बढ़नी चाहिए, लेकिन सरकार जो बिल ला रही है उसमें इसका प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाले नए बिल के बारे में सरकार ने कुछ नहीं बताया।

खड़गे ने आरोप लगाया कि परिसीमन की जिम्मेदारी उसी चुनाव आयोग को दी जा रही है, जिसने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वोटर लिस्ट से हटाया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार अपराधी हैं और उनके नेतृत्व में सब गड़बड़ होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि असम और जम्मू-कश्मीर में गलत तरीके से परिसीमन किया गया और मोदी-शाह ने चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बना रखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा संविधान बदलने की है और इसके लिए वह परिसीमन के जरिए संख्या बल बढ़ाना चाहती है।

इस बीच कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है, जिसमें उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी ने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने को भी कहा है। शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।