मैनपुरी संसदीय सीट के किशनी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का राजनीतिक दबदबा शुरुआत से बना हुआ है। चुनाव दर चुनाव दूसरे दलों ने ताकत दिखाई, लेकिन सपा के इस गढ़ में सेंध लगाना आसान नहीं रहा। राजनीतिक रूप से मजबूत इस क्षेत्र की विकास यात्रा उतनी प्रभावी नहीं रही। बरेली-ग्वालियर राजमार्ग, लखनऊ एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे जैसे बड़े मार्गों की नजदीकी के बावजूद मुख्य कस्बे और आसपास के गांवों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सीमित हैं और युवाओं को कामकाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।

सपा के कार्यकाल में प्रदेश स्तर पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी परियोजनाएं सामने आईं और सड़क व परिवहन के क्षेत्र में इन्हें विकास की उपलब्धि के रूप में पेश किया जाता रहा है। मतदाताओं की अपेक्षा थी कि स्थानीय सड़कों, बाजारों, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार पर भी इसका असर दिखेगा, लेकिन नवीन मंडी की समस्या, कस्बे में जाम और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी आज भी लोगों को परेशान कर रही है।

क्षेत्र की समस्याएं रोजगार तक सीमित नहीं हैं। बसैत का नाला हर वर्ष वर्षा के दौरान किसानों के लिए मुसीबत बन जाता है और जलभराव से करीब एक हजार बीघा फसल प्रभावित होती है। किसान हर साल नुकसान उठाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान का इंतजार जारी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से मरीजों को जांच के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है।

किशनी में सपा की राजनीतिक पकड़ मजबूत रही है, वहीं भाजपा भी विकास और औद्योगिक निवेश के मुद्दे पर अपनी जमीन तैयार करने में जुटी है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में केवल राजनीतिक समीकरण ही नहीं, विकास का हिसाब भी महत्वपूर्ण होगा।