गुजरात के कच्छ में कड़वा पाटीदार समाज ने जनसंख्या संतुलन और बेटियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से एक घोषणा की है। हिम्मतनगर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान समाज ने ऐलान किया कि जिन परिवारों में तीसरी संतान बेटी के रूप में जन्म लेगी, उन्हें समाज की ओर से 51 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि पाटीदारों की घटती जनसंख्या चिंता का विषय है और बेटियों की संख्या में कमी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। विश्व उमियाधाम के अध्यक्ष आर.पी. पटेल के आह्वान पर समाज ने इस पहल को स्वीकार किया है। उनका कहना है कि बेटी को बोझ नहीं, बल्कि लक्ष्मी समझा जाए और समाज में बेटियों के जन्म को उत्सव की तरह मनाया जाए।

समाज के नेताओं के अनुसार इसका उद्देश्य सिर्फ इनाम देना नहीं, बल्कि लोगों की सोच बदलना है। तीसरे बच्चे को लेकर जो डर और संकोच है, उसे खत्म करना है। समाज के इस फैसले को पाटीदार समाज में एक नई सामाजिक क्रांति के रूप में देखा जा रहा है और लोगों ने इस घोषणा का स्वागत किया है।

इसी कार्यक्रम में विश्व उमियाधाम में चल रहे दुनिया के सबसे ऊंचे मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे द्वारका पीठ के शंकराचार्य सदानंद सरस्वती ने शिलापूजन किया। उन्होंने मां उमिया के दर्शन किए और निर्माणाधीन गर्भगृह का दौरा किया। शंकराचार्य ने कहा कि विश्व उमियाधाम परिसर की ऊर्जा बेहद सकारात्मक है और यह स्थान आने वाले समय में सनातन धर्म का प्रतीक बनेगा। उन्होंने हिंदू समाज से आह्वान किया कि लोग सिर्फ पंच देव की पूजा करें और नकली देवी-देवताओं से दूर रहें।