लखीसराय जिले में कृषि विभाग ने किसानों की आय बढ़ाने और दलहन-तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए फसल प्रत्यक्षण कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र सरकार की दलहन एवं तिलहन आत्मनिर्भरता योजना के तहत 2026-27 में जिले के सात प्रखंडों में 2,470 एकड़ भूमि पर प्रत्यक्षण कराया जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर पर क्लस्टर बनाए गए हैं, जिसमें प्रत्येक 25 एकड़ पर एक क्लस्टर बनाकर संबंधित पंचायत के 25 से 50 किसान सामूहिक रूप से वैज्ञानिक तरीके से चयनित फसलों की बोआई करेंगे।
दलहनी फसलों में चना, मसूर, हरा चना और मटर तथा तिलहनी फसल में सरसों शामिल है। इसके अलावा शंकर मक्का का भी प्रत्यक्षण कराया जाएगा। फसलवार लक्ष्य की बात करें तो चना के 500 एकड़, हरा चना के 400 एकड़, मसूर के 175 एकड़, शंकर मक्का के 495 एकड़ और सरसों के 900 एकड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में खेती योग्य कुल भूमि 82,485 हेक्टेयर है, जबकि फार्मर आइडी प्राप्त किसानों की संख्या 51,349 है।
प्रत्यक्षण कार्यक्रम के अलावा किसानों के बीच अनुदानित दर पर मसूर के 850 क्विंटल, चना के 1,203 क्विंटल, हरा मटर के 520 क्विंटल, पीला मटर के 471 क्विंटल, मक्का के 100 क्विंटल और सरसों के 39 क्विंटल बीज का वितरण किया जा रहा है। किसानों को बीज के साथ मुफ्त दवा और मृदा किट भी उपलब्ध कराई जा रही है। पूरे प्रत्यक्षण कार्यक्रम की कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी।
जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि प्रत्यक्षण के माध्यम से किसानों को नई तकनीक से खेती करने की जानकारी मिलेगी। इससे फसल उत्पादन बढ़ाने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत बीज और वैज्ञानिक तकनीक उपलब्ध कराकर उत्पादन बढ़ाना तथा दलहन-तिलहन के बीज के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है।
