केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा है। उन्होंने पटना में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को वैशाली जिले के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित समारोह में इस पुल सहित 34 हजार करोड़ रुपये की 227 परियोजनाओं को समर्पित करेंगे।
ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नीतीश सेतु का उद्घाटन कर इसे बिहार और देश को समर्पित करेंगे। उनके मुताबिक, यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए लाइफलाइन साबित होगा। समारोह से पहले प्रधानमंत्री राघोपुर में नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बिहार के अन्य केंद्रीय मंत्री और राजग के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का शिलान्यास अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। इसकी कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है, जिसमें गंगा पर बने पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर और संपर्क पथ की लंबाई करीब 10 किलोमीटर है। लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल को गांधी सेतु के समानांतर उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क का नया विकल्प माना जा रहा है।
पुल चालू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। दावा है कि इसके जरिए पटना से वैशाली पहुंचने में करीब 20 मिनट लगेंगे। दक्षिण बिहार से उत्तर बिहार जाने वाले वाहनों को पटना शहर के भीतर प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आमस-दरभंगा फोरलेन सड़क को भी इस पुल से जोड़ा जा रहा है, जिससे व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
