केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में आज यानी 21 नवंबर को पहली बार नगर निकाय और पंचायत चुनावों के लिए मतदान हो रहा है। ये चुनाव भाजपा, कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस की राजनीतिक साख के साथ-साथ स्थानीय नेतृत्व की लोकप्रियता की परीक्षा हैं और लद्दाख की भविष्य की राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं।

लेह नगर समिति के 21 और करगिल नगर समिति के 17 वार्डों में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार लेह में 2,720 और करगिल में 645 मतदाता पंजीकृत हैं। पंचायत चुनावों में कुल 192 हलकों में से 55 सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि 137 पदों पर मतदान होगा। इसी तरह 1,428 पंच पदों में से 1,186 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है और 242 पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं।

लेह और करगिल की सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियां अलग-अलग हैं। शिया बहुल करगिल में कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और स्थानीय संगठनों का प्रभाव रहा है, जबकि बौद्ध बहुल लेह में भाजपा और कांग्रेस के बीच प्रतिस्पर्धा प्रमुख रही है। जम्मू-कश्मीर से अलग कर लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद ये पहले चुनाव हैं। पिछले चुनाव 2018 में हुए थे, जब लद्दाख जम्मू-कश्मीर का हिस्सा था।

लेह में भाजपा के लिए ये चुनाव विशेष महत्व रखते हैं। 2019 में अनुच्छेद 370 हटाने और लद्दाख को अलग केंद्र शुत प्रदेश बनाने के फैसले को पार्टी ने बड़ी उपलब्धि बताया था, लेकिन बाद में राज्य का दर्जा, छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक सुरक्षा, भूमि और रोजगार के अधिकार जैसे मुद्दे प्रमुख हो गए। लेह एपेक्स बाडी के नेतृत्व में इन मांगों को लेकर आंदोलन भी चला है और पिछले वर्ष लेह में हिंसक प्रदर्शन हुए थे। कांग्रेस इन चुनावों को भाजपा के प्रभाव को चुनौती देने के अवसर के रूप में देख रही है। करगिल में कांग्रेस और नेकां का परंपरागत जनाधार रहा है, और दोनों के बीच मतों का बंटवारा भाजपा तथा निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए अवसर पैदा कर सकता है। लेह एपेक्स बाडी और करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस ने किसी दल या उम्मीदवार का समर्थन न करने का फैसला किया है।