लद्दाख में नगर निकाय और पंचायत चुनावों के लिए सोमवार सुबह करीब 8 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद यह लद्दाख में पहली बार हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव हैं। इससे पहले 2018 में स्थानीय निकाय चुनाव हुए थे, जब लद्दाख तत्कालीन जम्मू-कश्मीर का हिस्सा था।

कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से निकले। मतदान केंद्रों पर उमड़ी भीड़ लोकतंत्र के प्रति लोगों की भागीदारी और उत्साह को दर्शा रही है।

लेह और करगिल जिलों में नगर निकाय चुनाव हो रहे हैं, जबकि लद्दाख के सभी आठ जिलों में पंचायत चुनाव कराए जा रहे हैं। लेह नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में मतदान हो रहा है। वहीं करगिल नगर परिषद के 17 वार्डों में से चार वार्डों में प्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए हैं।

कुल 192 पंचायत हलकों में से 55 सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि बाकी 137 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। कुल 1428 पंच उम्मीदवारों में से 1186 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि 242 पंच सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।