अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त ने आजमगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजस्थान के पंचायत चुनाव में भाजपा की हार से देश में सकारात्मक संदेश गया है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों में भी पांच प्रदेशों में हारेगी। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा सरकार से नाराज हैं और राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर भाजपा के बड़े बयानों का जवाब एक शुरुआत के रूप में दे दिया है। उनके अनुसार राजस्थान केवल एक झांकी है, अभी पांच प्रदेशों में चुनाव बाकी हैं।

इससे पूर्व अभिषेक दत्त ने तीन दिसंबर को प्रस्तावित आजमगढ़, मऊ एवं बलिया जनपद की मंडलीय कार्यकर्ता रैली की तैयारियों को लेकर सठियांव स्थित श्री लालसा राय इंटरमीडिएट कालेज में तीनों जनपद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और यह रैली संगठन की एकजुटता, सामूहिक संकल्प तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता का परिचय देगी। उन्होंने तीनों जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ रैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

जिलाध्यक्ष आजमगढ़ कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उनके अनुसार कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर उत्साह है और यह आयोजन संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। बैठक में अवधेश सिंह, राजाराम यादव, राहुल राय, राम गणेश प्रजापति, चंद्रपाल सिंह यादव, अंसार अहमद, मुन्नू यादव, बेलाल बेग, पूर्णमासी प्रजापति, अजीत राय, बिपिन कुमार पाठक, शिवमंगल सिंह, रामकुमार यादव, केदार मौर्य, गोपाल कृष्ण राय, हाजी इफ्तिखार, शीला भारती, सीमा भारती, प्रेमा चौहान, हरिओम उपाध्याय, रजाउर्रहमान, प्रदीप यादव, बृजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।