खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शनिवार को दिवंगत परमिंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए सांसद अमृतपाल सिंह, उनके साथियों और देश की विभिन्न जेलों में बंद सभी बंदी सिंहों की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।
मीडिया से बातचीत में भीम सिंह ने कहा कि वह माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने और शोकाकुल परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अमृतपाल सिंह और उनके सभी साथियों के साथ लंबे समय से जेलों में बंद बंदी सिंहों को भी जल्द रिहा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंदी सिंहों की रिहाई के लिए पहले भी बड़े स्तर पर मोर्चे लगाए गए हैं, लेकिन सरकारों ने इस मांग पर गंभीरता नहीं दिखाई।
भीम सिंह ने चुनी हुई सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले देश पर अंग्रेजों और मुगलों का शासन था, लेकिन अब देश में जनता की चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकारें हैं। ऐसी सरकारों को कानून को ताक पर नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को लोकतांत्रिक और मानवीय मूल्यों का सम्मान करते हुए अमृतपाल सिंह, उनके साथियों और सभी बंदी सिंहों की रिहाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
