इंडियन यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर मेटा ने 19 नवंबर को उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिए। संगठन ने सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।

हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ की। तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मेटा ऑफिस पहुंचे थे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दिए। पुलिस ने 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया था, जिन्हें करीब तीन घंटे बाद छोड़ दिया गया।

मुंबई के BKC स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग इकट्ठा हुए थे। FIR के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर 'RSS का बेटा मेटा' लिखा, जिससे शीशे को नुकसान पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया। मुंबई पुलिस ने शनिवार को जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर के खिलाफ FIR दर्ज की। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। गुरुग्राम में प्रदर्शनकारियों ने ऑफिस के मेन गेट पर ताला लगा दिया।

यूथ कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के 15 मिनट बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए। संगठन ने सवाल उठाया कि अकाउंट पर पाबंदी किसके आदेश पर लगाई गई थी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर प्रदर्शन की आलोचना की और कहा कि राहुल गांधी की कांग्रेस गुंडों की पार्टी है। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव ने भी हैदराबाद में हुए प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि इस घटना से ब्रांड हैदराबाद का भरोसा टूटा है।