इंडियन यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर घुस गए और बाहर एक गमला टूटा मिला। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा गया। मुंबई पुलिस ने शनिवार को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत दर्ज किया गया है।
यूथ कांग्रेस के मुताबिक, मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाबंदी लगा दी थी। संगठन का आरोप है कि यह कार्रवाई भाजपा के कहने पर की गई। यूथ कांग्रेस ने दोनों अकाउंट सात दिनों के भीतर बहाल करने की मांग की थी और कहा था कि अगर विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटीं तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।
मुंबई के BKC स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग इकट्ठा हुए थे। FIR के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा, जिससे शीशे को नुकसान पहुंचा। नामजद किए गए चार लोगों में जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर शामिल हैं। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया।
तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता हैदराबाद स्थित मेटा ऑफिस पहुंचे थे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दिए। पुलिस ने 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया था, जिन्हें करीब तीन घंटे बाद छोड़ दिया गया। यूथ कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के 15 मिनट बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए। संगठन ने सवाल उठाया कि अकाउंट पर पाबंदी किसके आदेश पर लगाई गई थी।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ मेटा के ऑफिस में तोड़फोड़ की, बल्कि सोशल मीडिया पर इसका दिखावा भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कांग्रेस गुंडों की पार्टी है। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव ने भी हैदराबाद में हुए प्रदर्शन की आलोचना की और कहा कि इस घटना से शहर की कारोबारी छवि और निवेश के माहौल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मेटा ने भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में बनाया है और कंपनी ने यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल के भरोसे निवेश किया था।
