तमिलनाडु की कोलाथुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारी है। टीवीके यानी तमिलगा वेत्री कझगम के विधायक वीएस बाबू के निधन से यह सीट खाली हुई है। वीएस बाबू ने पिछले विधानसभा चुनाव में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को 8,795 वोटों से हराया था। उन्हें 82,997 वोट मिले थे, जबकि स्टालिन को 74,202 वोट। इस जीत के साथ 2011 से चली आ रही स्टालिन की लगातार जीत का सिलसिला टूटा था। उस चुनाव में डीएमके को सत्ता भी गंवानी पड़ी थी।
अब सवाल यह है कि क्या स्टालिन एक बार फिर कोलाथुर से चुनावी मैदान में उतरेंगे। डीएमके के भीतर कुछ नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि वह इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ें। पार्टी सांसद सी रविंद्रन के मुताबिक यह फैसला पूरी तरह स्टालिन का है। उन्होंने कहा कि यह उनका निर्वाचन क्षेत्र है और अंतिम निर्णय वही करेंगे, हालांकि कार्यकर्ता के तौर पर वे चाहेंगे कि स्टालिन चुनाव लड़ें।
वीएस बाबू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत डीएमके से की थी और चेन्नई (उत्तर) जिले के सचिव भी रहे। 2006 में वह पुरासावलकम सीट से विधायक चुने गए और 2011 तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद उन्होंने डीएमके छोड़कर एआईएडीएमके का दामन थामा और विधानसभा चुनाव से पहले विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए।
कोलाथुर का उपचुनाव दोनों दलों के लिए अहम माना जा रहा है। डीएमके के लिए यह विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का मौका है, लेकिन स्टालिन के चुनाव लड़ने और फिर हारने पर पिछली हार का असर और गहरा सकता है। टीवीके के लिए यह सीट बरकरार रखना चुनौती होगी, क्योंकि उपचुनाव यह भी परखेगा कि विजय की पार्टी अपना चुनावी समर्थन बनाए रखने में कितनी सफल रहती है।
