महाराष्ट्र की राजनीति में कांग्रेस विधायक अमित देशमुख द्वारा टीपू सुल्तान की तस्वीर पर माल्यार्पण की घटना को लेकर सियासी विवाद छिड़ गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता द्वारा इसकी सराहना किए जाने पर शिवसेना (शिंदे गुट) ने नाराजगी जताई है। शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने एनसीपी (एसपी) नेता नसीम सिद्दीकी की आलोचना की है। वहीं भाजपा नेता प्रसाद लाड ने विधायक रोहित पवार द्वारा अजित पवार के विमान हादसे को लेकर लगाए गए आरोपों पर शरद पवार और सुप्रिया सुले से जवाब मांगा है।

शिवसेना नेता आनंद दुबे ने एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी के बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्र राष्ट्रीय पहचान छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति संभाजी महाराज और वीर सावरकर जैसे महापुरुषों से जुड़ी है और वही देश के असली नायक हैं। उन्होंने विपक्ष पर वैचारिक भटकाव और ऐतिहासिक नायकों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि नसीम सिद्दीकी की टिप्पणियों से मुगल शासक औरंगजेब के प्रति उनका लगाव उजागर होता है। दुबे ने यह भी कहा कि अगर इनका बस चले तो ये हिंदुस्तान का नाम बदलकर पाकिस्तान भी रख दें।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने कांग्रेस विधायक अमित देशमुख द्वारा टीपू सुल्तान की तस्वीर पर माल्यार्पण किए जाने की सराहना की थी। सिद्दीकी ने कहा था कि यदि उनके हाथ में होता तो वे पूरे भारत के सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में टीपू सुल्तान की तस्वीरें लगवाने का आदेश देते और बच्चों को उनकी बहादुरी के बारे में पढ़ाया जाता।

महाराष्ट्र भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रसाद लाड ने एक्स पर एक खुला पत्र लिखकर एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले को घेरा है। लाड ने पूछा है कि क्या पार्टी नेतृत्व विधायक रोहित पवार द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर लगाए गए आरोपों का समर्थन करता है। रोहित पवार ने 17 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जान लेने वाले विमान हादसे की जांच के बीच मुख्यमंत्री फडणवीस 'वीएसआर वेंचर्स' के संस्थापक वीके सिंह को बचा रहे हैं और उनके सिंह के साथ करीबी संबंध हैं। रोहित पवार इस हादसे के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए इसकी जांच राज्य सीआईडी से लेकर सीबीआई को सौंपने की मांग कर रहे हैं। लाड ने अपने पत्र में कहा कि शरद पवार और सुप्रिया सुले को प्रेस कॉन्फ्रेंस, आधिकारिक बयान या सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट करना चाहिए कि वे रोहित पवार की बातों से सहमत हैं या नहीं। उनके अनुसार, यदि पार्टी इन आरोपों से सहमत नहीं है तो उसे इनका स्पष्ट खंडन करना चाहिए, अन्यथा खुलकर स्वीकार करना चाहिए कि वह रोहित पवार के रुख के साथ खड़ी है।