पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने मंगलवार को लंदन से बयान जारी कर कहा कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत नहीं छोड़ा था। उनका दावा है कि 2010 में जान को खतरा होने के कारण वे देश से बाहर गए थे। मोदी ने कहा कि बिना सूचना दिए उनकी सुरक्षा हटाई गई थी और इसके तीन दिन बाद वे भारत से चले गए। उस समय उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं थी। मोदी ने यह भी कहा कि 16 साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी भारत की किसी अदालत में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय के कहने पर उनका पासपोर्ट रद्द किया गया था, लेकिन 2014 में दिल्ली हाईकोर्ट ने यह फैसला पलट दिया था। मोदी ने कहा कि इंटरपोल के रिकॉर्ड में उनके खिलाफ कोई आपराधिक अलर्ट या नोटिस नहीं है। उन्होंने गलत खबरें छापकर उनकी छवि खराब करने वाले भारतीय मीडिया संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। मोदी ने 14 नवंबर को बताया था कि 15 सितंबर को उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिल गई थी। संविधान के अनुच्छेद 9 और नागरिकता कानून, 1955 की धारा 9 के मुताबिक, किसी भारतीय के दूसरे देश की नागरिकता लेने पर उसकी भारतीय नागरिकता खत्म हो जाती है। मोदी मई 2010 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे, जब वे आईपीएल कमिश्नर थे। आईपीएल में वित्तीय गड़बड़ियों और अनियमितताओं के आरोपों के बाद बीसीसीआई ने उन्हें निलंबित कर दिया था, जिसके बाद उनके खिलाफ जांच शुरू हुई। दिल्ली के एक बड़े कारोबारी परिवार में जन्मे मोदी परिवार की कंपनी मोदी एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 57 करोड़ डॉलर है। वे 2010 से लंदन के बेलग्राविया-चेल्सी इलाके में रह रहे हैं। उनकी पत्नी मीनल का 2018 में कैंसर से निधन हो गया था।