जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर लतीफ भट के मारे जाने के बाद देर रात करीब 10 बजे उसके परिजनों ने उसे दफना दिया। दफनाने की जगह उसके घर से लगभग 160 किलोमीटर दूर कुपवाड़ा जिले की बंगस घाटी के एक गांव में थी। अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे।

लतीफ भट का परिवार कुपवाड़ा के ख्रेवान गांव में रहता है। परिजनों ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में अंतिम संस्कार की पुष्टि की और बताया कि यह धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। परिवार को अंतिम संस्कार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की इजाजत नहीं दी गई थी।

लतीफ भट के मामा मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हंदवाड़ा इलाके में बंगस के एक गांव के कब्रिस्तान तक ले जाने से पहले लगभग 10 किलोमीटर पहले ही परिवार के सदस्यों के फोन ले लिए थे। अंतिम संस्कार में परिवार के आठ पुरुष मौजूद थे, जिनमें उसके पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई शामिल थे।

केंद्र सरकार की नीति के तहत मारे गए आतंकवादियों के शव उनके परिवारों को नहीं सौंपे जाते। सार्वजनिक अंतिम संस्कार और आतंकवादियों के महिमामंडन को रोकने के इरादे से ऐसा किया जाता है। गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जून 2025 को लोकसभा में कहा था कि अब जहां भी कोई आतंकवादी मारा जाता है, उसे वहीं दफना दिया जाता है। केंद्र सरकार के अनुसार, लतीफ भट जम्मू-कश्मीर में इस आतंकी संगठन का आखिरी सक्रिय स्थानीय सदस्य था और पिछले हफ्ते सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में भी शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।