बिहार के लोगों को विदेश में इस्तेमाल होने वाले दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अब दूसरे राज्यों में जाना नहीं पड़ेगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ), पटना में विदेश मंत्रालय की ओर से अपोस्टिल और अटेस्टेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे उच्च शिक्षा, नौकरी, कारोबार, प्रवास और अन्य व्यक्तिगत व व्यावसायिक कामों के लिए विदेश जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।

विदेश में पेश किए जाने वाले भारतीय दस्तावेजों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए अपोस्टिल और अटेस्टेशन जरूरी होता है। हेग कन्वेंशन 1961 के सदस्य देशों के लिए अपोस्टिल जारी किया जाता है, जबकि इस कन्वेंशन में शामिल नहीं होने वाले देशों के लिए सामान्य अटेस्टेशन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

इस सुविधा के तहत शैक्षणिक और व्यक्तिगत, दोनों तरह के दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा सकेगा। शैक्षणिक दस्तावेजों में डिग्री, डिप्लोमा और स्कूल प्रमाणपत्र शामिल हैं, जबकि जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाणपत्र, शपथपत्र तथा पावर ऑफ अटार्नी जैसे व्यक्तिगत दस्तावेज भी इसके दायरे में आएंगे। आवेदकों को दस्तावेज जमा करने से पहले, जहां लागू हो, संबंधित राज्य सरकार के नामित प्राधिकारियों से उनका पूर्व सत्यापन कराना होगा। इसके बाद अधिकृत सेवा प्रदाता के माध्यम से अपोस्टिल या अटेस्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विदेश मंत्रालय ने नागरिकों को प्रक्रिया, दिशा-निर्देश और अन्य जरूरी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.mea.gov.in/apostille-menu पर जाने की सलाह दी है।