आईपीएल से संन्यास की चर्चा के बीच भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी के पैतृक गांव ल्वाली (अल्मोड़ा) में उनकी यादें ताजा हो गई हैं। जैंती तहसील के इस गांव के ग्रामीणों का कहना है कि धोनी ने अपनी उपलब्धियों से भारतीय क्रिकेट का गौरव बढ़ाया और अपने पैतृक गांव को भी देश-दुनिया में पहचान दिलाई।

ग्राम प्रधान दीवान सिंह के अनुसार, धोनी के पिता पान सिंह धोनी 1970 के दशक में नौकरी के सिलसिले में रांची चले गए थे और परिवार वहीं बस गया। समय के साथ गांव से परिवार का सीधा जुड़ाव कम हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों के बीच धोनी को लेकर आज भी विशेष लगाव और गर्व बना हुआ है।

धोनी का अपने पैतृक गांव से जुड़ाव ग्रामीणों के लिए खास मायने रखता है। वर्ष 2023 में वह अपने परिवार के साथ ल्वाली पहुंचे थे, जहां उन्होंने गांव के देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्वजन के साथ कुछ समय बिताया। गांव के लोग आज भी उनके आगमन से जुड़ी यादों को गर्व के साथ साझा करते हैं।

धोनी ने अपनी कप्तानी, शांत स्वभाव और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर विश्व क्रिकेट में अलग पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं और उनका क्रिकेट सफर आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।