लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने मंगलवार को पार्क व्यू एवं ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट के 59 फ्लैटों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी ऑडिटोरियम में हुए इस लॉटरी ड्रा में आवेदकों से ही लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गईं। एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि लॉटरी की पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
अपर सचिव के अनुसार, बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने पार्क व्यू अपार्टमेंट निर्मित किया जा रहा है। इसमें थ्री बीएचके प्लस स्टडी श्रेणी के 22 और थ्री बीएचके श्रेणी के 17 फ्लैटों का आवंटन लॉटरी से किया गया।
वहीं, ऐशबाग में मिल रोड पर बनने वाले ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में थ्री बीएचके प्लस सर्वेंट श्रेणी के 20 फ्लैट आवंटित किए गए।
इस मौके पर प्रभारी अधिकारी-संपत्ति देवांश त्रिवेदी और विशेष कार्याधिकारी रोहित सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
