बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 21 से 25 दिसंबर तक लखनऊ में पांच दिवसीय हनुमान कथा सुनाएंगे। यह आयोजन डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में रोजाना दोपहर 2 बजे से होगा। कथा के मुख्य यजमान सरोजनीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और उनका परिवार होंगे।

धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर लखनऊ और प्रदेशवासियों को आयोजन का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राम और श्याम की भूमि है और संतों-महंतों की भूमि है। उनके अनुसार नवाबों के शहर लखनऊ में हनुमान जी का मंगलमय चरित्र गाया जाएगा, जहां भक्ति भी होगी और बालाजी की शक्ति भी। उन्होंने कहा कि पर्चा भी खुलेगा और पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा भी होगी। शास्त्री ने लोगों से घर-घर निमंत्रण पहुंचाने की अपील भी की।

बताया गया है कि पिछले करीब आठ वर्षों से लखनऊ और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में उनकी कथा के आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिल पा रही थी। इससे पहले यूपी में केवल प्रयागराज में एक बार उनकी कथा को मंजूरी मिली थी, जबकि लखनऊ में कथा कराने के कई प्रयासों के बावजूद हर बार स्थानीय प्रशासन अनुमति देने से इनकार करता रहा।

अब सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस आयोजन का औपचारिक ऐलान किए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कथा को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इसके बाद राजधानी में आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं।