एक कवि गोष्ठी की ओर से लखनऊ के मालवीय सभागार में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कवियों ने प्रेम, देशप्रेम और प्रेरणा पर अपनी रचनाएं सुनाईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने इसे पिछले 10 वर्षों की सर्वश्रेष्ठ कवि गोष्ठी बताया।

गोष्ठी की शुरुआत गोपालगंज के सर्वेश तिवारी ने की। उन्होंने धर्म और प्रेम पर आधारित पंक्तियां सुनाईं। युवा कवि रामायणधर द्विवेदी ने अपनी रचनाओं से युवाओं में प्रेरणा के भाव भरे। वीर रस के कवि जगदीप शुक्ल अंचल ने युवाओं के रक्त में जोश भरने वाली पंक्तियां प्रस्तुत कीं।

संचालन कर रहे कवि अजहर इकबाल ने अपनी शायरी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र की रचनाओं पर श्रोता उनकी लय में बंध गए। कवयित्री अनामिका अंबर ने अपने गीतों और व्यंग्य से श्रोताओं को हंसाया और काव्य प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया।

कवियों की रचनाओं पर मिलती तालियां, बार-बार सुनाने की गुजारिश और जिंदाबाद के नारों ने माहौल में ऊर्जा भर दी। कार्यक्रम में प्रेम, इंसानियत और देशप्रेम के भाव शब्दों में उभरे।