मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड के गांवों में छठ महापर्व के समापन के बाद सामा-चकेवा पर्व उत्सवी माहौल में मनाया जा रहा है। शाम ढलते ही किशोरियां और महिलाएं बांस की टोकरी (चंगेरा) लेकर एकत्र होती हैं और उसमें मिट्टी से बनी सामा, चकेवा, सतभैया, चुगला और वृंदावन की प्रतिमाएं सजाकर पारंपरिक मैथिली गीत गाती हैं। 'गाम के अधिकारी छोटका भैया हो' और 'हाथ दस-दस जोड़ी' जैसे लोकगीतों से वातावरण लोकसंस्कृति के रंग में रंगा हुआ है।
इसरायण बेला, इसरायण कला, परमानंदपुर, बैसाढ़, मंगवारा, रामनगर महेश, पुरैनी, लक्ष्मीपुर भगवती, लक्ष्मीपुर चंडीस्थान, रहटा, बिशनपुर सुन्दर, बिशनपुर बाजार, बिशनपुर कोड़लाही, बेलारी, रानीपट्टी सुखासन, टेंगराहा परिहारी, टेंगराहा सिकियाहा, कुमारखंड और सिहपुर गढ़िया समेत विभिन्न पंचायतों में गीत गूंज रहे हैं। कई स्थानों पर बच्चियां अपनी मां, दादी और नानी के साथ टोली बनाकर परंपरागत गीतों का गायन कर रही हैं।
पर्व की प्रत्येक प्रतिमा का अपना सांस्कृतिक महत्व है। सामा और चकेवा भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक हैं, सतभैया पारिवारिक एकता और बहन की सुरक्षा का भाव दर्शाता है, जबकि चुगला चुगलखोरी, झूठ और ईर्ष्या जैसी सामाजिक बुराइयों का प्रतीक है। इसकी मूंछ जलाने की परंपरा बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। लोकमान्यता के अनुसार, यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा और उनके भाई साम्ब से जुड़ी पौराणिक कथा पर आधारित है।
पर्व के अंतिम दिन चूड़ा, दही, गुड़, मिठाई और नई फसल की बालियों से विधिवत पूजा की जाती है। इसके बाद भाई मिट्टी की प्रतिमाओं को तोड़ते हैं और महिलाएं भावुक विदाई गीत गाते हुए उन्हें नदी, तालाब या खेतों में विसर्जित करती हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर पर्व के समापन को लेकर गांवों में विशेष उत्साह है। बुजुर्ग महिलाएं नई पीढ़ी को मैथिली लोकगीत, मिट्टी की प्रतिमाएं गढ़ने और पूजा-विसर्जन की परंपरा सिखा रही हैं।
