तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पहाड़ी पर स्थित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) को बैरिकेडिंग से घेर दिया गया है और पहाड़ी से नीचे मंदिर तक 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन ने 23 नवंबर रात 9 बजे से 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू की है, जिसके तहत सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक रहेगी। आम लोगों को पहाड़ी की चोटी पर जाने और भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं होगी।
भाजपा और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को नजरबंद किया गया है। तिरुनेलवेली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के घर के बाहर भी 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं और उन्हें नजरबंद किए जाने या हिरासत में लिए जाने की अटकलें हैं। मदुरै के पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन ने तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी और आसपास के इलाके को दो दिन के लिए अस्थायी रेड जोन घोषित किया है। 23 और 24 नवंबर को यहां ड्रोन और UAV उड़ाने पर रोक रहेगी और बिना अनुमति ड्रोन चलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सुरक्षा के लिए 70 से ज्यादा नए CCTV और फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं, जबकि संवेदनशील जगहों पर बम निरोधक दस्ते जांच कर रहे हैं। पुलिस तैनाती में 12 पुलिस अधीक्षक, 8 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 132 पुलिस निरीक्षक शामिल हैं, और करीब 12 IPS अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा टीमें बनाई गई हैं।
भाजपा नेता और तमिलनाडु की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को VCK प्रमुख थोल तिरुमावलवन और अन्य लोगों को दीप जलाने के विरोध में प्रदर्शन की अनुमति दी गई, लेकिन दीप जलाने की मांग करने वाले हिंदू नेताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को इस साल 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी, जो काम अधिकृत टीम ही करेगी। धार्मिक रस्मों और कोर्ट के आदेश के पालन को निषेधाज्ञा से छूट दी गई है। दीपथून स्तंभ सिकंदर बदूशा दरगाह के पास स्थित है और कार्तिगई दीपम विवाद इसी प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर है। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि अनुमति केवल इसी साल के लिए है और इससे पहाड़ी पर मालिकाना हक या परंपरागत अधिकारों से जुड़े विवाद का फैसला नहीं होगा। तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने वाले आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है।
श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने भी इंतजाम किए हैं। तिरुचिरापल्ली रेलवे डिवीजन के DRM बालक राम नेगी के मुताबिक, श्रद्धालुओं के लिए दो होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां पानी, शौचालय और टिकट बुकिंग की सुविधा है। सोमवार को विल्लुपुरम की ओर से 14 और कटपडी की ओर से 16 ट्रेनें चलाई गईं, जबकि मंगलवार को कुल 37 ट्रेनें चलाने की योजना है। इस बार 8 कोच की जगह 12 कोच वाली EMU ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे ने 150 RPF जवान तैनात किए हैं और राज्य पुलिस के करीब 150 जवान भी सुरक्षा में मदद करेंगे। मेडिकल सुविधा, प्राथमिक उपचार और 108 एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
