महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले की जांच में सौरभ चंद्राकर द्वारा रायपुर के सात बड़े होटलों, क्लबों और रेस्टोरेंट में करीब 200 करोड़ रुपये निवेश करने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार यह निवेश राजधानी के वीआईपी रोड स्थित प्रतिष्ठानों में साझेदारी के जरिये किया गया, जबकि पंडरी स्थित एक क्लब में भी पैसा लगाने की बात कही जा रही है। बिलासपुर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में करीब 10 करोड़ रुपये निवेश का भी जिक्र है। जांच एजेंसियों ने होटलों और क्लबों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए हैं।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रकम सीधे निवेश की गई या अलग-अलग लोगों और कंपनियों के माध्यम से कारोबार में लगाई गई। ईडी ने अदालत के समक्ष अनुमान जताया है कि महादेव ऑनलाइन बुक और उससे जुड़ी गतिविधियों से अपराध की कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।

मामला 2023 में सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई भव्य शादी में लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी के बाद सुर्खियों में आया था। ईडी के अनुसार, चंद्राकर और रवि उप्पल के नाम जांच से हटवाने के लिए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को हवाला के जरिये करीब 180 करोड़ रुपये दिए गए थे। ईडी की रिमांड अर्जी में यह भी सामने आया है कि उन्हें 65 लाख रुपये मासिक फीस दिए जाने की बात कही गई है।

जांच एजेंसी अब इस रकम के स्रोत, भुगतान करने वालों और इसके वास्तविक लाभार्थियों की पड़ताल कर रही है।