परिसीमन बिल पर एनडीए सरकार को समर्थन देने की अटकलों के बीच महाराष्ट्र कांग्रेस ने शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी पर तीखी नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने मार्च 2026 के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उसने गठबंधन धर्म निभाते हुए 85 वर्ष की उम्र में शरद पवार को राज्यसभा भेजने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।
महाराष्ट्र कांग्रेस के अनुसार, मार्च 2026 में राज्य की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे, जिसमें एक उम्मीदवार को जीत के लिए 36 विधायकों के मतों की जरूरत थी। राकांपा (शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (यूबीटी) के पास 20 विधायक थे।
कांग्रेस का दावा है कि सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना हिचकिचाहट समर्थन देने की बात कही। कांग्रेस ने अपना दावा छोड़कर पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया, जिसके बाद शिवसेना (यूबीटी) ने भी समर्थन दिया।
पोस्ट में कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि जिस नेतृत्व को विपक्षी गठबंधन ने एकजुट होकर राज्यसभा भेजा, वही शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी अब परिसीमन कानून पर भाजपा सरकार को समर्थन देने जा रही है। गौरतलब है कि 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना ने मिलकर महाविकास आघाड़ी बनाई थी, जिसके बाद शिवसेना और एनसीपी में फूट हुई।
