मथुरा में शाही मस्जिद ईदगाह का गुंबद तोड़ने के लिए 6 दिसंबर को कारसेवा की घोषणा से माहौल गर्माया हुआ है। जुल्हैंदी स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने शुक्रवार को कहा कि कारसेवा के लिए 40 हजार से अधिक लोग आएंगे और गुंबद तोड़कर ही रहेंगे। उन्होंने बताया कि कारसेवा कहां से और कैसे शुरू करनी है, इसकी रेकी पहले ही कर ली गई है।
गोवर्धन चौराहा स्थित एक मैरिज होम में मीडिया कर्मियों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर की कारसेवा की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी। अब अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए भ्रमण कर समर्थन मांगा जा रहा है। इसके लिए अयोध्या भी जाकर लोगों से समर्थन मांगा गया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में साधु-संत भी कारसेवा में जुटेंगे और हरिद्वार, दिल्ली के साथ ही अन्य प्रदेशों में भी साधु-संतों से संपर्क किया गया है। उनका दावा है कि देशभर से करीब चालीस हजार लोग कारसेवा के लिए आएंगे। अलग-अलग मार्गों से कारसेवक आएंगे और गुंबद तक पहुंचने का रास्ता पहले ही तय कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कारसेवा के लिए बड़ी संख्या में हथौड़े, तसले और कुदाल भी खरीद लिए गए हैं।
पीठाधीश्वर ने यह भी कहा कि कारसेवा का आह्वान करने के कारण पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन शहजाद भट्ठी गैंग के फोन पर लगातार बम से उड़ाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस आश्रम पर तैनात कर दी गई है, लेकिन आतंकी धमकियों से सनातन समाज डरने वाला नहीं है और हर हाल में कारसेवा होगी।
प्रेसवार्ता के दौरान गोविंद नगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वार्ता के बारे में पीठाधीश्वर से जानकारी ली और फिर वापस चली गई।
