मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव निवासी एक बालक को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाए जाने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर दो चिकित्सकों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर नीतेश प्रताप सिंह कर रहे हैं। कोतवाल प्रमेंद्र के अनुसार न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शकुंतला देवी का आरोप है कि उनके पोते अभिनव की तबीयत खराब होने पर उसे बुनाई विद्यालय स्थित विवान चाइल्ड केयर यूनिट के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक कुमार सिंह के यहां भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान खून की जरूरत पड़ने पर सहादतपुरा स्थित शारदा नारायण हॉस्पिटल के ब्लड बैंक से खून मंगवाया गया। आरोप है कि ब्लड बैंक ने 'O' ग्रुप की जगह 'B' ग्रुप का ब्लड दे दिया, जिसे डॉक्टर ने लापरवाही से चढ़ा दिया। इसके बाद बालक की हालत बिगड़ गई।
आरोप के मुताबिक बाल रोग विशेषज्ञ के यहां चार-पांच दिन भर्ती रहने के बाद 16 नवंबर 2024 को बच्चे को दवा देकर छुट्टी दे दी गई, लेकिन दवा का असर नहीं हुआ। तबीयत दोबारा बिगड़ने पर फिर से डॉक्टर के पास ले जाने पर 3 फरवरी 2025 को छुट्टी देकर कहीं और दिखाने की सलाह दी गई। शकुंतला देवी ने 20 फरवरी 2025 को बच्चे को संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने गलत ब्लड ग्रुप चढ़ने के कारण ब्लड कैंसर होने की बात बताई। ब्लड रिपोर्ट के बाद बच्चे की कीमोथेरिपी चल रही है।
शिकायत के बावजूद केस दर्ज न होने पर न्यायालय का सहारा लिया गया। न्यायालय के आदेश पर बाल रोग विशेषज्ञ विवेक कुमार सिंह और डॉक्टर संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
