वेलिंगटन में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने ग्रीन विकेट पर 70 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने छठे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। फिलिप्स 118 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निकोल्स 175 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों ने मिलकर 293 रन बनाए।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 ओवर में 92 रन देकर 4 विकेट लिए। आकाशदीप ने 23 ओवर में 53 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि अंशुल कंबोज को 23 ओवर में 69 रन खर्च करने के बाद 2 विकेट मिले। प्रसिद्ध कृष्णा ने 26 ओवर में 100 रन लुटाए और उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला। वॉशिंगटन सुंदर ने 20 ओवर में 45 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स और निकोल्स को छोड़कर बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। टीम के अन्य 9 बल्लेबाजों ने मिलकर सिर्फ 55 रन बनाए। इनका स्कोर 0, 4, 15, 1, 5, 14, 11, 1 और 4 रहा। निकोल्स पारी के पहले ओवर में ही बल्लेबाजी करने आए थे और अंत तक नाबाद रहे, लेकिन फिलिप्स के अलावा कोई उनका साथ नहीं दे सका।
भारतीय टीम ने इस मैच में हेनरी निकोल्स का आसान कैच छोड़ दिया। शतक लगाने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा की शॉर्ट बॉल पर निकोल्स ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद देवदत्त पडीक्कल के हाथों में जा रही थी, लेकिन ऋषभ पंत उनकी तरफ दौड़ते चले आए, जिससे कैच छूट गया और निकोल्स को अहम जीवनदान मिल गया। इसके कारण वह 150 रन से ज्यादा की पारी खेल सके। अगर उस समय उनका विकेट गिरता तो दूसरे दिन पहले सत्र में ही कीवी टीम का ऑलआउट होना तय था। छठे विकेट के लिए जो 216 रन की साझेदारी हुई, वह 153 रन पर टूट सकती थी।
