पटना में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या विवरण सुधारने के लिए चार दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों के हर मतदान केंद्र पर 21 और 22 नवंबर तथा पांच और छह दिसंबर को बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान मतदाता आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने इस प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 भरना होगा। किसी ऐसे व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए, जो पात्र नहीं है या जिसकी मृत्यु हो चुकी है, प्रपत्र-7 के माध्यम से दावा-आपत्ति दी जा सकती है। वहीं, दर्ज नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार और आवश्यक बदलाव के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा। आवेदन के साथ निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित दस्तावेज भी जमा करने होंगे।
विशेष अभियान की निगरानी के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे। हर विशेष अभियान दिवस के अगले दिन सुबह 11 बजे तक संबंधित अधिकारियों को आवेदन संग्रहण की रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को देनी होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी ईआरओ और एईआरओ को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान का प्रचार-प्रसार कराने को कहा है, ताकि कोई पात्र मतदाता नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और सूची की त्रुटियां दूर हो सकें।
