मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर (पलामू) ने क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सूचना प्रणाली शुरू की है। इसके तहत मरीज और उनके परिजन अस्पताल में लगे क्यूआर कोड को मोबाइल कैमरे या गूगल लेंस से स्कैन कर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह व्यवस्था लागू करने वाला यह झारखंड का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है।
स्कैन करते ही मोबाइल पर एक वेब पेज खुलता है, जिसमें ओपीडी, इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों में तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की जानकारी 24 घंटे उपलब्ध रहती है। इसके लिए मरीजों को अलग से कोई एप डाउनलोड नहीं करना होगा। क्यूआर कोड स्कैन करने के अलावा उपलब्ध लिंक के जरिए भी जानकारी हासिल की जा सकती है।
प्रणाली में प्रतिदिन के ड्यूटी रोस्टर के अनुसार कर्मियों का विवरण अपडेट किया जाता है। संबंधित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध रहेंगे, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीज या उनके परिजन सीधे फोन कर संपर्क कर सकेंगे। यह व्यवस्था अस्पताल के ओपीडी समेत सभी वार्डों में लागू की गई है।
अस्पताल प्रबंधक सुनीत कुमार श्रीवास्तव ने यह प्रणाली तैयार की है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मरीजों को अस्पताल की सुविधाओं और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों का समय बचेगा और अस्पताल प्रबंधन को ड्यूटी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में भी मदद मिलेगी।
