मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के सिवालखास में बाइपास रोड पर पूलों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण लगे जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। एंबुलेंस में मौजूद मरीज की हालत गंभीर बताई गई। जाम के चलते एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल सका, जिससे मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हुई। इस दौरान एक युवक ने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।
वीडियो में युवक ने बताया कि सिवालखास बाइपास रोड पर पूलों से लदी कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी हैं और इनके बीच एंबुलेंस जाम में फंसी हुई है। युवक ने वीडियो में एंबुलेंस के अंदर मौजूद मरीज को भी दिखाया और उसकी हालत गंभीर बताई। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ पा रही थी, जिससे मरीज और उसके स्वजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। युवक ने वीडियो के माध्यम से पुलिस और प्रशासन से जाम की समस्या का समाधान कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर कार्रवाई की। हालांकि, सड़क पर पूलों से लदी अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मौजूदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइपास पर भारी वाहनों के खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
वहीं, थाना जानी के प्रभारी अजय दीप का कहना है कि मामला संज्ञान में है और पूलों से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थीं और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण ही एंबुलेंस जाम में फंसी थी। फिलहाल पुलिस की कार्यशैली को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
