मेरठ के करनावल कस्बे में शुक्रवार दोपहर बाद एक युवक ने घर की गैलरी में तमंचे से अपने सिर में गोली मारकर जान दे दी। परिजन उसे लहूलुहान हालत में मेरठ के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तमंचा जब्त कर जांच शुरू कर दी है और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए हैं।
करनावल निवासी कुशलपाल ने बताया कि उनका बेटा मोहित शराब पीने का आदी था। शुक्रवार दोपहर वह बाइक लेकर बाजार गया था और अचानक तेजी से घर लौटा। बाइक खड़ी करने के बाद उसने जेब से मोबाइल निकालकर जमीन पर फेंककर तोड़ दिया। इसके बाद उसने जेब से तमंचा निकालकर अपने सिर के बाएं हिस्से में गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आ गए और युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और घटना में इस्तेमाल तमंचे को कब्जे में ले लिया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार के साथ एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए नमूने लिए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मर्चरी भेज दिया है।
मृतक मोहित दो भाइयों में बड़ा था और उसकी शादी हो चुकी थी। वह अपनी पत्नी सरिता, बेटे ध्रुव और बेटी नंदिनी के साथ रहता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
