मेटा ने मुंबई में आयोजित सालाना क्रिएटर इवेंट 'हाउस ऑफ इंस्टाग्राम' में ऐलान किया है कि कंपनी जल्द ही भारत में 'इंस्टाग्राम फॉर टीवी' लॉन्च करने जा रही है। इसके जरिए यूजर अपने पसंदीदा क्रिएटर्स की स्टोरीज और रील्स मोबाइल के बजाय घर के बड़े टीवी पर देख सकेंगे। दी गई जानकारी में मेटा ने बताया कि अगले कुछ दिनों में यह ऐप सिलेक्टेड ऐपल टीवी, फायर टीवी और गूगल टीवी डिवाइसेज पर उपलब्ध हो जाएगा।
कंपनी के मुताबिक, स्मार्ट टीवी के लिए यह ऐप परिवार और दोस्तों के साथ देखने के हिसाब से तैयार किया गया है। इसमें वाइडस्क्रीन पर हॉरिजॉन्टल रील्स, स्टोरीज, फोटो और कैरोसेल देखे जा सकेंगे। यूजर पॉपुलर कंटेंट और फॉलो किए गए अकाउंट्स के आधार पर अलग-अलग चैनल्स में रील्स देख सकेंगे या सर्च कर सकेंगे। रील्स अपने आप प्ले होंगी और इन्हें रिमोट से कंट्रोल किया जा सकेगा। एक ही WiFi से जुड़कर फोन के इंस्टाग्राम ऐप से रील्स टीवी पर कास्ट भी की जा सकेंगी। 'फ्रेंड्स' टैब में दोस्तों की स्टोरीज और उनकी पसंदीदा रील्स एक ही जगह दिखेंगी।
ऐप उपलब्ध होने के बाद यूजर को अपने ऐपल टीवी, फायर टीवी या गूगल टीवी पर इंस्टाग्राम ऐप डाउनलोड करके अपने अकाउंट से लॉग-इन करना होगा। मोबाइल ऐप की 'सेटिंग्स' बुकमार्क से भी इसे सीधे खोला जा सकेगा। घर के सदस्यों की पसंद का ध्यान रखते हुए इसमें एक साथ पांच अलग-अलग अकाउंट जोड़े जा सकेंगे। यूजर चाहें तो कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके सिर्फ टीवी के लिए नया अकाउंट भी बना सकेंगे।
मेटा ने कहा है कि टीवी सबके साथ बैठकर देखी जाने वाली स्क्रीन है, इसलिए कंटेंट को लेकर खास सावधानी बरती गई है। टीवी पर दिखने वाली इंस्टा रील्स 13+ कंटेंट रेटिंग सिस्टम के तहत आएंगी। 18 साल से कम उम्र के यूजर्स की सेफ्टी के लिए मोबाइल ऐप जैसे ही नियम लागू रहेंगे। टीवी पर बिताया गया समय टीन अकाउंट की कुल यूसेज लिमिट में जुड़ेगा और उन्हें स्लीप मोड या लिमिट पूरी होने के रिमाइंडर भी मिलते रहेंगे।
