नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रविवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उनके राजनीति में उतरने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। बैठक में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे। हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। शमी ने अभी तक भाजपा में शामिल होने की कोई घोषणा नहीं की है।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब एक हफ्ते पहले ही उनके साथी भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी ने चहल को अपने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी है।
शमी की किसी राजनीतिक हस्ती से मुलाकात पहली बार सुर्खियों में नहीं आई है। इससे पहले सितंबर में केंद्रीय मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से उनकी मुलाकात पर भी कयास लगाए गए थे। तब रालोद ने स्पष्ट किया था कि शमी अमरोहा में खेल सुविधाओं के लिए फंड आवंटित करने पर जयंत चौधरी का आभार जताने गए थे।
36 वर्षीय शमी ने भारत के लिए अपना पिछला मुकाबला 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। 6 नवंबर को उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। शमी ने 64 टेस्ट में 229 विकेट लिए और अपना आखिरी टेस्ट 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेला था। टेस्ट से संन्यास के समय उन्होंने कहा था कि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे में खेलना जारी रखेंगे। फिलहाल वह आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
