हरिद्वार के उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने नव्या 2.0 योजना का शुभारंभ किया। योजना के दूसरे चरण में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा, जिसमें आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों की युवतियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

योजना के तहत प्रशिक्षण की पात्रता आयु 16 से 18 वर्ष के बजाय बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। युवतियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप उभरते और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नव्या महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। जिला स्तर पर क्रियान्वयन के लिए समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्धारित की जाएगी और स्किल इंडिया डिजिटल हब के जरिए नामांकन से लेकर प्रशिक्षण और प्रमाणन तक की निगरानी होगी।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता भी बनें और सरकार बालिकाओं के जीवन के प्रत्येक चरण में उनके सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की सफलता का आकलन प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों से होता है। उन्होंने बताया कि पायलट चरण में किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन और सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया था, अब दूसरे चरण में ऐसे क्षेत्रों का दायरा बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों और पीएम-जनमन के तहत बने पांच नए आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया तथा पीएमकेवीवाई 4.0 के तहत प्रशिक्षण प्राप्त 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।