महाराष्ट्र कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा है कि अगर शरद पवार परिसीमन बिल पर समर्थन का फैसला वापस ले लेते हैं तो वे अपने बयान पर माफी मांग लेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पवार कहेंगे तो वे राजनीति छोड़ने को भी तैयार हैं। वडेट्टीवार ने यह बात पत्रकारों से बात करते हुए कही।

कांग्रेस नेता ने कहा कि वे पवार के पैरों में सिर रखकर और सार्वजनिक जगह पर माफी मांगेंगे। उन्होंने बताया कि उनके बयान देने से 18 घंटे पहले पवार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह बात आई थी और जितेंद्र आव्हाड ने भी कहा था कि परिसीमन बिल का पूरा समर्थन करने का फैसला किया गया है। वडेट्टीवार ने कहा कि जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वह बयान दिया था और उनका मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।

उन्होंने कहा कि पवार की छवि दिलों में एक सेक्युलर सोच की छवि के रूप में बनी रहेगी। वडेट्टीवार ने शनिवार को परिसीमन के मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के कथित रुख को लेकर शरद पवार और उनकी पार्टी के कथित अस्पष्ट रुख पर कड़ी नाराजगी जताई थी।

इससे पहले वडेट्टीवार ने पवार पर सत्ता की खातिर बार-बार राजनीतिक सिद्धांतों से समझौता करने का आरोप लगाया था और कहा था कि उनका राजनीतिक इतिहास विश्वासघात से भरा रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि 86 वर्ष के पवार ने अपना राजनीतिक जीवन प्रगतिशील आदर्शों का दावा करते हुए बिताया है, और यह उम्मीद नहीं थी कि वे जातिवादी और सांप्रदायिक ताकतों से हाथ मिलाएंगे।