बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने गुरुवार को मुंबई के भिंडी बाजार स्थित मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की। यह वही इमारत है जहां कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ रहता था। मुंबई के डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और इमारत गिराने का काम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। उन्होंने कहा कि BMC की पूरी टीम मौके पर मौजूद है और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आस-पास के इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
बताया गया है कि BMC ने मुसाफिरखाना इमारत और इसी परिसर में स्थित एक मस्जिद को गिराने के संबंध में नोटिस जारी किया था। इमारत गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर का समय दिया गया था।
एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नोटिस के खिलाफ राहत पाने के लिए कानूनी कोशिशें की जा रही हैं। मस्जिद से जुड़े मामले को देख रहे वकील यूसुफ बागवाला ने गुरुवार सुबह 11 बजे मुख्य न्यायाधीश की अदालत में मामले को तत्काल सूचीबद्ध कराने के लिए एक वकील नियुक्त किया है, ताकि नोटिस पर रोक लगवाई जा सके।
वारिस पठान ने कहा, "हमें उम्मीद है कि इंशाअल्लाह कल हमें यहां से राहत मिल जाएगी। हमें नोटिस पर रोक मिल जाएगी। इसके बाद जो भी आगे की स्थिति होगी हम उसे आपके सामने रखेंगे।" उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि यहां कभी एक मस्जिद थी और वह कयामत के दिन तक कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि लोग मस्जिद के लिए इकट्ठा हुए हैं, जो अल्लाह का घर है और इसमें किसी का निजी स्वार्थ नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जो भी कदम उठाए वह कानून के दायरे में रहकर उठाए और कोई गैर-कानूनी काम न हो।
एआईएमआईएम नेता ने आगे कहा कि बुलडोजर पॉलिटिक्स नहीं होनी चाहिए और हर किसी को अपना पक्ष रखने का अधिकार है। उन्होंने महाराष्ट्र गजट में दिए गए 15 दिन का समय देने के प्रावधान का पालन किए जाने और जस्टिस गवई के फैसले का सम्मान व पालन किए जाने की बात कही।
