हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में पंचायत समिति (बीडीसी) अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित रीना रानी सर्वसम्मति से निर्वाचित हुई हैं। यह पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित था। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित विजय अतुल ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की।
एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर रीना रानी को आम सहमति से विजयी घोषित किया गया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर विजय अतुल को विजेता घोषित किया गया।
कुल 27 सदस्यों वाली इस समिति में उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित विजय अतुल को 14 और कांग्रेस समर्थित केवल कृष्ण को 13 मत मिले। रीना रानी ओबीसी वार्ड फस्टे से चुनाव जीती थीं। भूपंल की पूजा कुमारी भी कांग्रेस की विचारधारा से जीतकर आई थीं और मंढियार वार्ड की कमलेश कुमारी भी कांग्रेस में शामिल हो गई थीं, जिसके चलते अध्यक्ष पद पर आम सहमति बनी।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नवनियुक्त अध्यक्ष रीना रानी को सहपरिवार बधाई दी है। नादौन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री की विकास योजनाओं की है। भाजपा के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने उपाध्यक्ष बनने पर विजय अतुल को बधाई दी है।
