साकेत कोर्ट के आदेश के बाद पुष्प विहार वार्ड-166 के पार्षद के रूप में नरेश ने सोमवार को शपथ ली। महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में हुई निगम सदन की विशेष बैठक में शपथ ग्रहण के तुरंत बाद कार्यवाही समाप्त कर दी गई। पूरी बैठक करीब चार मिनट 30 सेकंड चली। बैठक का कांग्रेस और आप ने बहिष्कार किया और उनका कोई सदस्य नहीं पहुंचा, जबकि भाजपा के पार्षद मौजूद रहे।

नरेश के पार्षद बनने से 23 सदस्यों वाले दक्षिणी जोन में भाजपा के 11 पार्षद हो गए हैं। निगम सदन में 250 सीटों में से भाजपा के 143, आप के 98 और कांग्रेस के आठ पार्षद हैं, जबकि एक पद रिक्त है।

2022 के निगम चुनाव में पुष्प विहार वार्ड से आप के प्रत्याशी अरुण नावरिया ने जीत दर्ज की थी। चुनाव याचिका पर सुनवाई करते हुए स्थानीय अदालत ने उनका निर्वाचन रद कर दिया। अदालत ने नामांकन पत्र में पुराने आपराधिक मामले में हुई सजा की जानकारी छिपाने को भ्रष्ट आचरण माना और दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी नरेश को निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद राज्य चुनाव आयोग ने अदालत के आदेश के अनुपालन में नरेश को पार्षद घोषित करने की अधिसूचना जारी की।

नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बैठक को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है और 26 नवंबर को सुनवाई होनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को आशंका थी कि हाईकोर्ट निचली अदालत के फैसले को पलट सकता है, इसलिए जल्दबाजी में शपथ दिलाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि विशेष बैठक में जनहित के मुद्दों पर चर्चा क्यों नहीं की गई और सदन की कार्यवाही महज साढ़े चार मिनट में क्यों समेट दी गई।