मंगलवार सुबह करीब 7:02 बजे नेपाल के कोशी प्रांत में भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.3 थी और इसका केंद्र 10 किमी की गहराई पर था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने भी एक्स पर पोस्ट कर बताया कि भूकंप की तीव्रता 5.3 रही, जो 24 नवंबर को सुबह 07:02:47 बजे आया। इसका केंद्र 27.855 उत्तरी अक्षांश और 87.909 पूर्वी देशांतर पर 20 किमी की गहराई में बताया गया।
नेपाल में आए इन झटकों का असर सिक्किम में भी देखा गया, जहां लोग घरों से बाहर निकल आए। खबरों के अनुसार सिक्किम, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी भूकंप महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र सिक्किम की सीमा से सटे पूर्वी नेपाल में बताया गया है, जिसके चलते पूर्वी हिमालयी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ गई है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि यह भूकंप भारत के मंगन से 67 किमी पश्चिम-उत्तर पश्चिम में दर्ज किया गया।
NCS के अनुसार, मंगलवार को इससे पहले सिक्किम के निकट भूटान में रात 12:13 बजे 2.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ था, जिसका केंद्र गंगटोक से 56 किमी दक्षिण-पूर्व था। खबर लिखे जाने तक NCS की वेबसाइट पर इस घटना की आधिकारिक पुष्टि और अंतिम तीव्रता उपलब्ध नहीं थी।
भूकंप के बाद फिलहाल किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
