नीदरलैंड में रहने वाली भारतीय महिला खुशबू ने सोशल मीडिया पर अपने छह साल के बच्चे के डच स्कूल के अनुभव साझा करते हुए भारत और नीदरलैंड के स्कूलों के बीच छह प्रमुख अंतर बताए हैं। खुशबू दो बच्चों की मां हैं और उनका बच्चा नीदरलैंड के एक डच स्कूल में पढ़ता है।

खुशबू के अनुसार, नीदरलैंड में प्राइमरी स्कूल की पढ़ाई मुफ्त है और कोई फीस नहीं देनी पड़ती। साल में एक बार माता-पिता अपनी मर्जी से योगदान के तौर पर राशि दे सकते हैं, जिसका इस्तेमाल बच्चों को बाहर घुमाने के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों को घर के लिए होमवर्क नहीं मिलता और पढ़ाई-लिखाई का सारा काम स्कूल में वर्कशीट के जरिए पूरा होता है। शिक्षक यह उम्मीद नहीं करते कि माता-पिता घर पर बच्चों को पढ़ाएं। वहां स्कूलों में कोई यूनिफॉर्म भी नहीं है और बच्चे अपनी पसंद के कपड़े पहन सकते हैं।

खुशबू ने बताया कि स्कूल बच्चों को सिखाने पर जोर देता है और उनकी आपस में रैंकिंग पर कोई जोर नहीं दिया जाता। कोई प्रतियोगिता और न ही कोई वार्षिक समारोह होता है। खेलों पर भी बहुत जोर दिया जाता है, लेकिन स्पोर्ट्स डे पर बच्चे बस खेलते हैं, इसमें कोई जीतता या हारता नहीं और कोई ट्रॉफी या मेडल नहीं दिया जाता।

उन्होंने यह भी बताया कि नीदरलैंड में पांच साल की उम्र होने पर बच्चे का स्कूल जाना अनिवार्य है और इसके नियम बहुत सख्त हैं। माता-पिता स्कूल के दिनों में बच्चे को छुट्टियों पर नहीं ले जा सकते हैं।