नोएडा प्राधिकरण की बागपत-खेकड़ा तक न्यू नोएडा पार्ट-3 विकसित करने की योजना के बीच दादरी क्षेत्र के साठा-चौरासी के करीब 20 गांवों को न्यू नोएडा में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सटे और एनटीपीसी क्षेत्र के पास बसे इन गांवों के लोगों का कहना है कि जब विस्तार बागपत तक हो सकता है, तो इन गांवों को विकास क्षेत्र से बाहर रखना उचित नहीं है।

आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर दादरी एनटीपीसी क्षेत्र के सभी गांवों को न्यू नोएडा में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के 20 और बुलंदशहर के 60 गांवों को मिलाकर कुल 80 गांवों के लिए न्यू नोएडा का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नोएडा प्राधिकरण ने इसी मॉडल पर बागपत-खेकड़ा क्षेत्र को न्यू नोएडा पार्ट-3 में शामिल करने की योजना बनाई है और सर्वेक्षण चल रहा है।

डॉ. आर्य ने कहा कि एनटीपीसी क्षेत्र के करीब 20 पिछड़े गांव, जो किसी प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में नहीं हैं, उन्हें जनहित में न्यू नोएडा में जोड़ा जाना चाहिए। मांग पत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास साठा-चौरासी क्षेत्र के बिसाहड़ा, प्यावली, आकलपुर, बम्बावड, महावड, दुजाना, कल्दा, छिडौली, ढोकलपुरा, सीदीपुर, चौना, ततारपुर, ऊंचा अमीरपुर, खंगोड़ा, सिलारपुर, दादूपुर, पटाड़ी, गुलावठी खुर्द और जारचा सहित गांवों को न्यू नोएडा में शामिल करने की बात कही गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि न्यू नोएडा से सटे होने के बावजूद ये गांव आज तक किसी प्राधिकरण के दायरे में नहीं आए, जिससे सड़क, सीवर, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में पिछड़े हैं। नोएडा प्राधिकरण दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे खेकड़ा-बागपत क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए सर्वेक्षण कर रहा है। सर्वेक्षण की रिपोर्ट मिलने के बाद विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि दिल्ली के निकट और एक्सप्रेसवे से जुड़े होने के कारण इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास की बेहतर संभावनाएं हैं। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र यानी न्यू नोएडा का मास्टर प्लान 2041 शासन से स्वीकृत हो चुका है। इसे 21 हजार हेक्टेयर में विकसित किया जाएगा, जिसमें 8,811 हेक्टेयर भूमि उद्योगों के लिए आरक्षित रहेगी और शहर की आबादी लगभग 6 लाख होने का अनुमान है।

डॉ. आनंद आर्य ने कहा कि प्राधिकरण नए क्षेत्रों में विस्तार कर रहा है, तो अपने जिले के पिछड़े और सीमावर्ती गांवों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे अवैध निर्माण पर रोक लगेगी, सुनियोजित विकास होगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।