राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में बिना उपचारित सीवेज बहाए जाने के मामले में सख्त रुख अपनाया है। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, चित्रकूट नगर के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है। इस कारण होटल, धर्मशाला, आश्रम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गंदा पानी सीधे या नालों के जरिए नदी में पहुंच रहा है।
मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सतना क्षेत्रीय कार्यालय ने 103 इकाइयों को वैधानिक नोटिस जारी किए हैं। इन प्रतिष्ठानों को बिना उपचारित अपशिष्ट जल नदी में छोड़ना बंद करने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि क्षेत्र में ठोस और तरल अपशिष्ट के उत्पादन की तुलना में निस्तारण की सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं।
बोर्ड ने नदी और आसपास के नालों से पानी के नमूने लेकर जांच कराई थी। रिपोर्ट में नमूनों की जल गुणवत्ता निर्धारित मानकों के भीतर पाई गई। हालांकि, बोर्ड ने इसके पीछे मानसून के दौरान नदी में बढ़े जल प्रवाह और उसकी प्राकृतिक स्वच्छीकरण क्षमता को प्रमुख कारण बताया है। इसके बावजूद बिना उपचारित सीवेज का नदी में पहुंचना पर्यावरणीय चिंता का विषय बना हुआ है।
भोपाल स्थित एनजीटी की केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ ने 23 नवंबर को मामले से जुड़े निष्पादन आवेदन पर सुनवाई की। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने और अभियोजन की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा। आवेदक की ओर से जारी नोटिसों की तामील के प्रमाण भी न्यायाधिकरण के रिकॉर्ड पर रखने की मांग की गई। न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, न्यायमूर्ति श्यो कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर कुमार चतुर्वेदी की पीठ ने सुनवाई की। अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।
