राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने शिमला की अश्वनी खड्ड में गंभीर जैविक प्रदूषण का संज्ञान लिया है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार खड्ड के दो स्थानों पर जैविक आक्सीजन मांग (बीओडी) का स्तर निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक पाया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अश्वनी खड्ड के जलग्रहण क्षेत्र में प्रदूषण के संभावित स्रोतों और सीवेज निकासी मार्गों की पहचान के लिए 25 स्थानों पर निगरानी की थी। 29 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच लिए गए पानी के नमूनों की जांच शिमला की एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में की गई। रिपोर्ट के अनुसार काम्बरमियर स्थित लिफ्ट नाले में बीओडी 22.4 मिलीग्राम प्रति लीटर और कचरा प्रसंस्करण स्थल के निकट लिफ्ट नाले में 16 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जबकि निर्धारित सीमा तीन मिलीग्राम प्रति लीटर है। 25 में से 23 स्थानों पर बीओडी सीमा के भीतर रहा। घुलित आक्सीजन 5.8 से 8 मिलीग्राम प्रति लीटर और पीएच 6.98 से 8.22 के बीच मिला, हालांकि कुछ स्थानों पर फीकल कोलीफार्म की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक रही।
एनजीटी की प्रधान पीठ ने 25 नवंबर को मामले की सुनवाई की। न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य डा. अफरोज अहमद की पीठ के समक्ष बोर्ड ने 16 नवंबर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में ढली, मल्याणा और लालपानी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्रदर्शन बीओडी, सीओडी और टीएसएस जैसे मानकों पर सामान्यतः संतोषजनक बताया गया, लेकिन अधिकांश संयंत्रों में कुल नाइट्रोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। कृष्णा नगर स्थित नगर निगम के स्लाटर हाउस के अपशिष्ट जल का पीएच 9.80 दर्ज हुआ, जबकि सीमा 5.5 से 9 है। डोगरा ब्रिज पर 3.1 एमएलडी क्षमता के पंथाघाटी एसटीपी का निर्माण चल रहा है और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के अनुसार इसका केवल 10 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
एनजीटी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रदूषण के स्रोतों और अपशिष्ट जल निकासी मार्गों की जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम को सीवेज नेटवर्क तथा परियोजनाओं की प्रगति पर दो सप्ताह में रिपोर्ट देने का समय दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई पांच मार्च 2027 को होगी।
