दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर एनएचएआई की टीम ने गुरुवार रात अभियान चलाकर हरियाबांस से लखनौती तक के हिस्से में ढाबों के पास बने छह अवैध कट बंद कराए। टीम का कहना है कि इन कटों से बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा था और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर कई जगहों पर बने अवैध कट बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसी को देखते हुए एनएचएआई की टीम ने गुरुवार रात कॉरिडोर पर हरियाबांस से लखनौती तक अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने हरियाबांस और लाखनौर में ढाबों के आसपास खोले गए छह अवैध कट बंद कराए।
टीम ने चेतावनी दी कि दोबारा कट खोलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कपासी में शिवा टूरिस्ट ढाबा और सुखदेव ढाबा के संचालकों ने कट बंद करने के लिए टीम से कुछ समय मांगा है। बताया गया है कि पूर्व में अवैध कट मिलने पर विभाग तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा चुका है।
साइट इंजीनियर आकाश सिंह ने बताया कि अवैध कट बंद कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम यह निगरानी कर रही है कि कॉरिडोर पर किसी भी स्थान पर अवैध रूप से कट खोला गया हो तो उसे तत्काल बंद कराया जाए। अभियान में प्रोजेक्ट इंजीनियर रविकांत शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
