भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन पर एक 'असली किताब' लिखेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस किताब में सोनिया गांधी के मारुति की मालिक बनने और नेशनल हेराल्ड खरीदे जाने का खुलासा होगा। दुबे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की 'असली वजहों' का भी खुलासा किया जाएगा।

भाजपा सांसद ने 'एक्स' पर कहा कि यह किसी को निशाना बनाने का प्रयास नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस किताब में इन सवालों के जवाब देंगे कि सोनिया गांधी मारुति की मालिक कैसे बनीं, नेशनल हेराल्ड कैसे खरीदा गया, 2004-14 के दौरान वह प्रधानमंत्री से ऊपर कैसे थीं और मेनका गांधी के साथ उनके विवाद की असली वजह क्या है। दुबे ने संकेत दिया कि किताब में बोफोर्स घोटाले के पीछे की 'असली कहानी' भी बताई जाएगी। उन्होंने चीन ओलंपिक में प्रधानमंत्री के स्थान पर सोनिया गांधी के परिवार सहित जाने, सीताराम केशरी की धोती की कहानी, प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव और सोनिया गांधी के बीच लड़ाई, 1999 में कांग्रेस के किस नेता ने उन्हें धोखा दिया, और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी में वह राजनीतिक तौर पर किसे पसंद करती हैं, जैसे सवालों का भी जिक्र किया। भाजपा नेता ने कहा, ''इंतजार कीजिए और देखिए।''

दुबे ने 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया कि 'विदेशी नागरिक' होने के बावजूद सोनिया गांधी मारुति की प्रबंध निदेशक और 50 प्रतिशत हिस्सेदार थीं। भाजपा सांसद ने दावा किया कि 21 नवंबर 1970 को संजय गांधी ने सोनिया गांधी की कंपनी मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया था और सोनिया गांधी मारुति की असली मालिक थीं। भाजपा सांसद के इन कमेंट पर कांग्रेस की ओर से तुरंत कोई रिस्पॉन्स नहीं आया है।

बता दें कि निशिकांत दुबे गांधी परिवार पर लंबे समय से हमलावर रहे हैं। पिछले महीने दुबे ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया था कि कांग्रेस का संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का पुराना इतिहास रहा है। दुमका में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस विपक्षी दलों के साथ मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ एक बड़ी साजिश रच रही है। सांसद ने दावा किया था कि देश में अस्थिरता फैलाने के उद्देश्य से राहुल गांधी ने पिछले एक दशक में करीब 270 बार विदेश की यात्राएं की हैं।